जसपुर में बेटे की मौत पर बिलखता बाप।
- फोटो : अमर उजाला
जसपुर में बहन की स्कूल फीस जमा करने के बाद घर लौट रहा बाइक सवार युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
तुमड़िया कला थाना डिलारी (यूपी) निवासी मोहम्मद इल्यास मलिक अपने परिवार के साथ जसपुर में मोहल्ला नई बस्ती चांद मस्जिद के पास रहते हैं। सोमवार की सुबह उनका पुत्र फिरोज मलिक (23) रामपुर घोघर थाना डिलारी (यूपी) स्थित डिग्री कॉलेज में अपनी बहन की बीएससी की फीस जमा करने बुलेट से गया था। दोपहर करीब दो बजे वह घर के लिए लौट रहा था। तभी अचानक जसपुर-सुरजीनगर मार्ग पर दूल्हेपुर के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पिंड स्थल से टकरा गई। इससे वह घायल हो गया। ग्रामीण एवं पुलिस की सहायता से उसे ठाकुरद्वारा के सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ठाकुरद्वारा कोतवाल विवेक कुमार ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है। घटना की सूचना के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही अपने घर लेकर चले गए थे।
घटना से कुछ देर पहले मां से हुई थी फोन पर बात
फिरोज अपने बहन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसने बीएससी की पढ़ाई पूरी कर ली थी। वह अपनी छोटी बहन को भी बीएससी कराना चाहता था। सोमवार को वह अपनी बहन की स्कूल फीस एवं शैक्षिक अभिलेख जमा करने कॉलेज गया था। स्कूल जाने के लिए उसने अपने ताऊ कारी अंजार से बुलेट मांगी थी। ताऊ ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही फिरोज ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। उसकी मां उससे घर कितनी देर में आएगा के बारे में पूछ रही थी ताकि वह घर आकर खाना खा ले लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।