सितारगंज सरकारी अस्पताल में बिलखते परिजन।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। रोडवेज बस की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक में पीछे बैठा साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी के डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया जबकि बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बुधवार को बांसखेड़ा थाना अमरिया जिला पीलीभीत का जुनैद अंसारी (19) पुत्र रजा हुसैन अपने साथी नगर के वार्ड आठ निवासी गौरव बावा (20) के साथ बाइक पर सवार होकर नानकमत्ता गया था। शाम को घर लौटते हुए चीकाघाट पुल के पास रोडवेज की बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक चला रहे जुनैद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सीएचसी लाया गया। डॉक्टर संदीप कौर ने जुनैद की मौत की पुष्टि की और घायल गौरव को हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव और दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। मृतक जुनैद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे के वियोग में पिता और मां नसरीन बेसुध हो गए। जुनैद सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। खबर लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।