मैजिक चालकों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आरटीओ चेक पोस्ट में जमकर हंगामा काटा और प्रदर्शन किया। चालकों ने सिपाही पर भी अवैध वसूली का आरोप मढ़ा। उन्होंने एआरटीओ प्रवर्तन के नाम ज्ञापन परिवहन कर अधिकारी को सौंपकर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को मैजिक चालक अपने वाहनों के साथ मुरादाबाद रोड स्थित आरटीओ चेक पोस्ट पर पहुंचे। उन्होंने वाहनों को चेक पोस्ट के बाहर आड़े तिरछे खड़े करते हुए प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि चेक पोस्ट में तैनात एक सिपाही रुपयों की डिमांड करता है। रुपए नहीं देने पर वाहनों का चालान एआरटीओ से करवाता है।
वह एक गाड़ी से पांच हजार रुपए महीना मांगता है। कहा कि रुद्रपुर के एआरटीओ प्रवर्तन वाहनों के चालान और सीज करने की कार्रवाई करते हैं। उन्हें चालानों का भुगतान करने के लिए रुद्रपुर कार्यालय जाना पड़ता है। इससे उनका समय और धन दोनों खर्च होता है। कहा कि वाहन बेचने पर उन्हें स्थानांतरण के लिए परमिट निरस्त करना पड़ता है।
लेकिन नए वाहन लेने पर नया परमिट जारी नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सिपाही को चेकपोस्ट से हटाने और उनके वाहनों के चालानों का भुगतान काशीपुर कार्यालय में ही करने की मांग की। उन्होंने परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक को ज्ञापन सौंपा। वहां महावीर, जावेद हुसैन, राजू, राहुल त्यागी, चेतन सूरी, राकेश कुमार, उमेश कुमार, सतनाम सिंह, शमीम, शाकिर, फुरकान, विकास कुमार आदि थे।