दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत सरकार छोटे और गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे किसानों को एक लाख रुपये तक ऋण मात्र दो प्रतिशत ब्याज पर देने जा रही है। इसी माह योजना का शुभारंभ होगा। इस योजना में लघु सीमांत किसान भी शामिल होंगे।
कृषि के साथ ही पशुपालन, उद्यान, दुग्ध व्यवसाय, मुर्गी पालन, मशरूम, जड़ी बूटी, सगंध पादप, मत्स्य पालन के लिए अल्पकालीन और मध्यकालीन ऋण दो प्रतिशत ब्याज दर उपलब्ध कराने जा रही है। सहायक जिला निबंधक मान सिंह सैनी ने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को पहले सहकारिता की समितियों का सदस्य बनाया जाएगा।
समितियों के माध्यम से उन्हें जिला सहकारी बैंक से यह ऋण मिलेगा। किसानों को सहकारी बैंक की निकटतम शाखा में अपना बचत खाता अनिवार्य रूप से खोलना होगा। योजना का लाभ बकायेदार सदस्यों को नहीं दिया जाएगा। इसका शासनादेश जारी हो चुका है।
महिला समूहों को भी मिलेगा लाभ
सहकारिता विभाग जिले में पंजीकृत महिला समूहों को भी इस योजना का लाभ देने की तैयारी कर रहा है। सहायक जिला निबंधक ने बताया कि ऋण का लाभ लेने के लिए महिला समूहों को पहले सहकारी समितियों का सदस्य बनना होगा। उसके बाद ही उन्हें इस ऋण की सुविधा दी जाएगी।