सितारगंज। श्रीरामलीला कमेटी के आजीवन सदस्यों ने कुछ सदस्यों पर मनमाने तरीके से बंद कमरे में कमेटी का चुनाव कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नियमावली का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
बृहस्पतिवार को श्री रामलीला कमेटी के आजीवन सदस्यों ने तहसील परिसर में एक बैठक का आयोजन किया। बैठक में फैसला लिया कि वह डीएम नितिन सिंह भदौरिया से मुलाकात कर संशोधित नियमावली का उल्लंघन कर बंद कमरे में कमेटी चुनाव कराने वाले सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। श्री रामलीला कमेटी के आजीवन सदस्य और पूर्व पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे ने बताया कि रामलीला कमेटी में करीब 100 आजीवन सदस्य हैं। इसमें से कुछ सदस्यों ने अन्य सदस्यों को विश्वास में लिए बिना बंद कमरे में कमेटी के सदस्यों का चुनाव करा दिया। साथ ही, वह मनमाने तरीके से नियम बनाकर पार्किंग शुल्क के नाम पर आमजनों से वसूली कर रही है। वहां पर श्री रामलीला कमेटी के आजीवन सदस्य एडवोकेट दयानंद सिंह, एडवोकेट हरीश शर्मा, एडवोकेट रवि सक्सेना, दीपक चौहान, चंदन गुप्ता, कैनन जॉर्डन, अजय कौशल, रोहतास ठाकुर, राहुल भारद्वाज आदि थे।