गदरपुर। ग्राम सरदारनगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में श्री श्री 1008 ज्वाला दास गोसाई महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित 40वें विशाल यज्ञ का बुधवार को भंडारे के साथ समापन हो गया। मुख्य वक्ता के रूप में गुरुग्राम (हरियाणा) से आए संत अनिल कुमार गोसाई ने कहा कि गुरु कृपा के बिना मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सच्चा शिष्य वही है जो गुरु के बताए गए मार्ग पर चलता है।
जय भवानी जागरण मंडल के महंत राजन शर्मा ने गुरु महिमा का वर्णन किया। किच्छा से आए पंडित अनिल कुमार शर्मा ने प्रवचनों और भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इससे पूर्व पंडित भीष्मदत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ संपन्न कराया। कार्यक्रम का संचालन टीकम खेड़ा ने किया।कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहां माता कैलाश रानी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल सिंह, धर्मचंद खेड़ा, जय किशन अरोड़ा, हरनाम सेतिया, विनोद भुसरी, जिला पंचायत सदस्य सिल्की खेड़ा आदि रहे। संवाद