झनकट। झनकट स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय बदहाली के दौर से गुजर रहा है। अस्पताल भवन की दीवारें जर्जर हैं और मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। अस्पताल में शौचालय की सुविधा भी नहीं है। इसके चलते मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें निराशा झेलनी पड़ती है। डॉ. मनविंदर पाल सिंह ने बताया कि प्रतिदिन औसतन 35 से 40 मरीज ओपीडी में आते हैं जिनमें ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र से होते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को चिकित्सालय की बदहाल स्थिति बताई गई लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। मरीजों ने प्रशासन से अस्पताल भवन की मरम्मत, बैठने की व्यवस्था और शौचालय निर्माण की मांग की है।