रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू ने कलक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ कोविड-19 की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों के मृत्यु प्रमाणपत्र समय पर जारी किए जाएं। संबंधित नगर निकायों को इस संबंध में पत्र भेजना सुनिश्चित करें।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं रखें ताकि कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर में किसी प्रकार की समस्या पैदा न हो। उपकरण, दवाएं आदि के लिए बजट को लेकर स्वास्थ्य निदेशालय से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने सीटी स्कैन मशीन को खरीदने के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल को निर्देश दिए कि संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत कार्मिकों की तैनाती और आवश्यकता संबंधी वितरण अभी से तैयार कर लिए जाएं। इसके साथ ही बाल रोग विशेषज्ञों के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करें।
कहा कि कोविड-19 से संबंधित जो भी कार्य किए जा रहे हैं उन्हें पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। वहां सीडीओ हिमांशु खुराना, एएसपी मिथलेश सिंह, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, डॉ. अविनाश खन्ना, डॉ. आरडी भट्ट, डॉ. मनु खन्ना आदि थे।