कोसी नदी खनन क्षेत्र में अचानक आग लगने से मजदूरों की 34 झोपड़ियां जलकर राख हो गई। अग्निकांड में मजदूरों की मेहनत कर जुटाई करीब दो लाख रुपये की नकदी, 4 साईकिल और 5 सिलेंडर, कपड़े और बर्तन सहित सभी घरेलू सामान स्वाहा हो गया। खबर मिलते ही मौके पर लोगों ने बाल्टियों से पानी फेंक कर आग पर बमुश्किल काबू पाया। अग्निकांड से खनन मजदूरों में अफरा तफरी मच गई। मजदूरों की खैर खबर लेने के लिए कोई प्रशानिक अधिकारी मौके पर नही पहुंचा।
शनिवार शाम कोसी नदी के दीपक घाट क्षेत्र में अस्थायी रूप से बसे यूपी के कैमरी रामपुर निवासी गंगाशरण की झोपड़ी में अचानक आग लगी जो पूरी बस्ती में फैल गई। अग्निकांड में यूपी के कैमरी (रामपुर) निवासी प्रेम सिंह, कुंता राम, गायत्री, आशा, राकेश, कुवंरसेन, ब्रजलाल, आकाश, राम सिंह, बंटी, यूपी के मुरादाबाद के गांव लाखड़ी बलंवत सिंह, रामपुर के गांव बैजना निवासी शिवचरन, राजवीर सिंह, महभूज, यूपी के गांव जगतपुरा रामपुर निवासी गुड्डू, अर्जुन, धर्मेंद्र, यूपी के गांव भोपतपुर रामपुर निवासी शीशपाल, भूपराम, भोजराम, यूपी के गांव बुढ़ानपुर रामपुर निवासी मनोज, बबलू समेत 34 मजदूूूरों की झोपड़ी जलकर राख हो गई। झोपड़ी में रखी मजदूरी की मेहनत की कमाई करीब दो लाख रुपये की नगदी और समस्त खाने पीने का सामान जलकर राख हो गया। समाजसेवियों ने मजदूरों को खाने पीने का राशन उपलब्ध कराया है।
दो घंटे देर से पहुंची फायर ब्रिग्रेड
बाजपुर। आग की सूचना पर काशीपुर फायर स्टेशन से घटना स्थल पर दो घंटे देर से पहुंची। दमकल गाड़ी को देखकर लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन फायर कर्मी जैसे ही आग बुझाने लगे कुछ देर में दमकल टैंक का पानी खत्म हो गया। आनन फानन में पानी भरने के लिए दमकल गाड़ी को कोसी नदी में लाया गया। फिर पानी भरने वाला पंप ही खराब हो गया। जिस पर ग्रामीणों ने रोष जाहिर किया। ग्रामीणों ने बाजपुर में फायर ब्रिगेड स्टेशन बनाने की मांग की है।
गांव इटव्वा में कोल्हू में लगी आग
बाजपुर। शनिवार को शाम गांव इटव्वा निवासी जमील अहमद के गन्ने के कोल्हू में अचानक आग लगने से करीब सवा लाख रुपये की नगदी, गुड़ सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। बताते हैं कि कोल्हू चल रहा था कि अचानक आग लग गई।