रुद्रपुर। काशीपुर के स्टेडियम को अपडेट करने की कवायद परवान चढ़ने लगी है। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास व निर्माण निगम ने स्टेडियम के नवनिर्माण और मरम्मत के लिए 3956.94 लाख की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है। इसमें करीब तीन करोड़ से स्टेडियम का भवन और अन्य संसाधनों के मरम्मत कार्य भी शामिल हैं। शासन की स्वीकृति मिलने पर शेष 37 करोड़ से स्टेडियम में तमाम आधुनिक खेल सुविधाओं व भवनों का नव निर्माण कराया जाएगा।
ऑलवेदर बनेगा स्वीमिंग पूल और सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक
युवाओं की खेलों में दिलचस्पी और भविष्य में अपार संभावनाओं को देखते हुए स्टेडियम को विकसित करने की योजना बनाई है। स्वीमिंग पूल का निर्माण ऑलवेदर के तौर पर होगा। इसके अलावा पवेलियन भवन ध्वस्त कर आधुनिक तरीके से बनेगा। स्वीमिंग पूल ब्लाॅक, बैडमिंटन ब्लॉक, मार्शल आर्ट ब्लॉक और पंप हाउस ब्लॉक का मरम्मत कार्य कराया जाएगा। स्टेडियम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक भी बनेगा।
स्टेडियम की मरम्मत और नवनिर्माण की डीपीआर तैयारकर शासन को भेज दी है। पूरा कार्य करीब 18 माह में पूरा होगा। कार्य पूरा होने के बाद स्टेडियम जिला क्रीड़ाधिकारी को हेंडओवर किया जाएगा।
-नरेंद्र नवानी, प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तराखंड पेयजल निगम