फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: स्वच्छता सर्वेक्षण में काशीपुर की देश में 102वीं रैंक

Fri, 13 Nov 2026 12:38 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
काशीपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में काशीपुर ने एक साल में उल्लेखनीय सुधार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी छलांग लगाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश में 372वें और उत्तराखंड में 21वें स्थान पर रहे काशीपुर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश में 102वीं और प्रदेश में पहली रैंक हासिल की है। इस तरह शहर ने राष्ट्रीय रैंकिंग में 270 पायदान का सुधार किया है।
विज्ञापन

इस उपलब्धि के लिए काशीपुर को ''''फास्टेस्ट स्वच्छ सिटी ऑफ उत्तराखंड'''' के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर दीपक बाली को यह पुरस्कार प्रदान किया। महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह उपलब्धि शहर की जागरूक जनता, पर्यावरण मित्रों और नगर निगम कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार प्राप्त करना पूरे काशीपुर के लिए गौरव का क्षण है।

इनसेट : पिछले सर्वेक्षण में सामने आई थीं कई कमियां
पिछले साल की स्वच्छता सर्वेक्षण फैक्टशीट में काशीपुर की कुछ व्यवस्थाओं का प्रदर्शन बेहतर रहा था, जबकि कई क्षेत्रों में सुधार की जरूरत सामने आई थी। डंपसाइट निस्तारण, आवासीय और बाजार क्षेत्रों की सफाई में 100-100 प्रतिशत अंक मिले थे। कूड़ा उत्पादन एवं निस्तारण में 98 और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में 78 प्रतिशत अंक मिले थे। वहीं सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति में 67, जल निकायों की सफाई में 50 और स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण में केवल 13 प्रतिशत अंक मिले थे। काशीपुर का कुल स्वच्छता सर्वेक्षण स्कोर 6707.17 था, जो राज्य के औसत 5154.45 और राष्ट्रीय औसत 6062.36 से अधिक था। शहर को खुले में शौच से मुक्त श्रेणी में पूरे 1000 अंक मिले थे, लेकिन कचरा मुक्त शहर की श्रेणी में कोई स्टार नहीं मिला था।
विज्ञापन


इनसेट : कमियों को बनाया लक्ष्य, रात दो बजे तक कराई निगरानी
महापौर दीपक बाली ने दावा किया कि पिछले सर्वेक्षण में सामने आई कमियों को सुधार का लक्ष्य बनाया गया। इसके लिए उन्होंने खुद कई बार रात दो बजे तक मौके पर रहकर कार्यों की निगरानी की। सार्वजनिक मंचों से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। शहर में स्वच्छता चौपाल भी लगाई गईं, जहां मिलने वाली शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया। इन प्रयासों से शहर की रैंकिंग में बड़ा सुधार संभव हो सका।

इनसेट
वीटीएस निगरानी और सातों दिन हुई सफाई
काशीपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर की रैंक बेहतर होने में वीटीएस निगरानी के साथ सातों दिन सफाई कार्य हुआ। नगर निगम में कूड़ा निस्तारण का ठेका 20 वर्षों के लिए एमएसडब्लूएम काशीपुर (केएमएस ग्रुप) के पास है। एमएसडब्लूएम काशीपुर के डायरेक्टर्स कर्नल डीके सिंह (सेवानिवृत्त), कर्नल विजय कुमार (सेवानिवृत्त), विकास कुमार, गोपाल ने दावा किया कि उनकी टीम ने घर-घर कचरा संग्रहण को मजबूत किया। वीटीएस कंट्रोल रूम से वाहनों की रियल-टाइम निगरानी की गई और 90 फीसदी से अधिक अनुपालन हुआ। हेल्पलाइन व व्हाट्सएप ग्रुप से शिकायतों का त्वरित समाधान हुआ। सातों दिन दो-तीन शिफ्टों में सफाई जारी रही। वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के लिए करीब 2.5 करोड़ की मशीनरी से आधुनिक इनडोर वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट बनाया जा रहा है। पर्यावरण मित्रों, ड्राइवरों और पूरी टीम ने काशीपुर को आगे भी स्वच्छ शहरों में शामिल करने का संकल्प लिया है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें