काशीपुर में चैती मेले की बैठक लेते एसडीएम।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। प्रतिवर्ष लगने वाला काशीपुर का प्रसिद्ध चैती मेला इस बार 13 से 30 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। एसडीएम काशीपुर गौरव कुमार को मेला अधिकारी बनाया गया है। दो दिन पूर्व इस संबंध में डीएम रंजना राजगुरू ने रुद्रपुर में अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बता दें कि कोरोना के चलते पिछले साल मेले का आयोजन नहीं हुआ था।
मेला आयोजन के संबंध में बुधवार को एसडीएम गौरव कुमार ने अपने कार्यालय में जन प्रतिनिधियों, विभिन्न विभाग के अधिकारियों, पंडा परिवार के सदस्यों और शहर के गणमान्य व्यक्तियों की बैठक ली। बैठक में एसडीएम/मेला अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मां भगवती बाल सुंदरी चैती मेला 13 से 30 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। डीएम की बैठक के बाद मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्हें मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रधान पंडा वंशगोपाल ने देवी का डोला आने और जाने के दिन पुलिस की अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने व मंदिर की मरम्मत कराने की मांग की। एएसपी प्रमोद कुमार ने कहा कि पुलिस बल की कमी को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था करना असंभव है। बैठक में पीने के पानी, सफाई, बिजली, शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने कहा कि प्रशासन ने मंदिर के पूर्वी गेट पर रास्ते के ऊपर टिनशेड डाला है जो कमजोर हो गया है। हवा में टीनें उखड़ने का अंदेशा है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। मेयर उषा चौधरी ने मोटेश्वर मंदिर के पास पक्के शौचालयों की मरम्मत कराने की बात कही। बैठक में मेले के दौरान दुकान लगाने वालों से कम शुल्क वसूलने पर भी चर्चा की गई। बुक्सा जनजाति के लोगों के लिए मेला क्षेत्र में अलग से स्थान तय किया जाएगा जिससे उन्हें रहने में किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, सहायक प्रधान पंडा मनोज अग्निहोत्री, पार्षद गंधार अग्रवाल, विवेक अग्निहोत्री, राम अग्निहोत्री, शिवा अग्निहोत्री आदि थे।