काशीपुर। काशीपुर से मेरठ का सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। डिपो को मेरठ रूट का परमिट मिल गया है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इसकी मांग कर रहे थे। अब उन्हें सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा।
काशीपुर, बाजपुर, जसपुर क्षेत्र के लोग मेरठ के लिए सीधी बस सेवा की मांग की जा रही थी। वर्तमान में यात्रियों को मेरठ जाने के लिए मुरादाबाद या गजरौला में बस बदलनी पड़ती है। इससे समय और किराया दोनों अधिक लगता था। परमिट मिलने के बाद अब सीधी सेवा शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं परिवहन निगम ने काशीपुर से बिजनौर रूट के लिए भी परमिट मांगा है। हालांकि अब तक इस रूट का परमिट नहीं मिला है। डिपो के सीनियर फोरमैन मोहम्मद यामीन ने बताया कि एनजीटी के नियमों के चलते दिल्ली रूट से बीएस-4 मानक की बसों को हटा दिया गया है। इन बसों को देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, रामनगर और बरेली रूट पर चलाया जा रहा है। अब मेरठ रूट के लिए बस संचालन की अनुमति मिल गई है। समय सारिणी निर्धारित होते ही काशीपुर से मेरठ के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।