रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना को आखिरकार शासन की मंजूरी मिल गई है। शासन ने लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित चौड़ीकरण योजना का शासनादेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही परियोजना के लिए 10 प्रतिशत धनराशि भी जारी कर दी गई है।
शासनादेश जारी होने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने और निर्माण कार्य धरातल पर उतरने की उम्मीद है। इस परियोजना के पूर्ण होने से काशीपुर बाईपास पर वर्षों से बनी जाम की समस्या से हजारों लोगों को राहत मिलने की संभावना है। बुधवार को इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में मेयर विकास शर्मा ने कहा कि काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण रुद्रपुर की प्रमुख जन अपेक्षाओं में शामिल रहा है। इसके लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सकारात्मक सहयोग से यह बहुप्रतीक्षित परियोजना स्वीकृत हुई है जो शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक योजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई 75 फीट प्रस्तावित थी लेकिन चौड़ीकरण की जद में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आने की आशंका थी। व्यापारियों की मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री से सड़क की चौड़ाई 60 फीट निर्धारित करने का आग्रह किया गया था जिसे स्वीकार कर लिया गया। इससे बड़ी संख्या में व्यापारियों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। इस मौके पर दायित्वधारी उत्तम दत्ता, वेद ठुकराल, केके दास आदि मौजूद रहे।
-
जाम से लोगों को मिलेगी राहत
मेयर ने कहा कि पिछले सप्ताह ही नगर निगम की ओर से परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया था और अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासनादेश भी जारी हो गया है। चौड़ीकरण से जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
सरकार विकास को लेकर प्रतिबद्ध : जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के लिए 14 करोड़ रुपये की स्वीकृति रुद्रपुर की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी। पूर्व मेयर व दायित्वधारी रामपाल सिंह ने कहा कि काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण वर्षों पुरानी आवश्यकता थी।
पहले व्यापारियों का स्थायी समाधान करे शासन-प्रशासन : जुनेजा
रुद्रपुर। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने काशीपुर चौड़ीकरण का स्वागत किया है। उनका कहना है कि जनहित में सड़क चौड़ी होनी चाहिए लेकिन इससे पहले प्रशासन व्यापारियों के लिए स्थायी व्यवस्था करे ताकि उनके रोजगार पर किसी तरह का कोई असर न पड़े। उन्होंने बताया कि जहां चौड़ीकरण होना है वहां पर नगर निगम की 42 दुकानें हैं। इन दुकानों के हटने से व्यापारियाें को नुकसान झेलना पड़ेगा। इस काम में जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। व्यापारियों का हित देखते हुए काम को आगे बढ़ाना चाहिए। ब्यूरो