काशीपुर। शहरी स्वच्छता के सर्वेक्षण में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। काशीपुर को सर्वे में उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में मेयर दीपक बाली को पुरस्कार प्रदान किया। इस उपलब्धि से शहरवासियों में खुशी है।
2011 की जनगणना के अनुसार काशीपुर की आबादी 1.21 लाख थी जो 2026 के अनुमान के अनुसार बढ़कर लगभग दो लाख हो गई है। मेयर दीपक बाली ने बताया कि नगर निगम काशीपुर की ओर से कचरा प्रबंधन, आधुनिक रोड स्वीपर मशीन से सफाई, गीले और सूखे कूड़े के पृथक्करण और जनसहयोग से विशेष अभियान चलाए गए। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम के प्रयासों, पर्यावरण मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सहभागिता से मिली है।
कोट
-स्वच्छ सर्वेक्षण में काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना ही लक्ष्य था। इसके लिए वार्ड-वार्ड जाकर सफाई व्यवस्था को बेहतर किया। नागरिकों ने भी जागरूक होकर पूरा साथ दिया। यह उपलब्धि संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। - दीपक बाली, मेयर, काशीपुर