चर्चित कार्तिक घई अपहरण कांड में शामिल फरार चल रहे पांचवें आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से गई वसूली गई फिरौती की रकम मेें से हिस्से में आए एक लाख में से 60 हजार रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी ने बाकी 40 हजार खर्च करने की बात स्वीकारी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सोमवार को एसएसपी केवल खुराना ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बीते तीन फरवरी को ग्राम गढ़ीनेगी निवासी रश्मि घई के बेटे कार्तिक का सितारगंज में बर्थ-डे पार्टी में बुलाने के नाम पर अपहरण कर लिया गया था। एएसपी पंकज भट्ट और एएसपी कमलेश उपाध्याय की अगुवाई में छह टीमों ने बीते छह फरवरी को कार्तिक घई की सकुशल बरामदगी के साथ ही अनीस अहमद उर्फ साहिल, अराफात अली, रजत महरोत्रा और विजय सिंह उर्फ चीता निवासी काशीपुर को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों से वसूली गई फिरौती की पांच लाख रुपये की रकम में से चार लाख रुपये बरामद किए गए थे। अपहरण कांड में शामिल पांचवां आरोपी पुष्पेंद्र कुमार निवासी ग्राम दादूपुर थाना भोजपुर (मुरादाबाद) फरार होने में कामयाब रहा था। पुष्पेंद्र के घर पर ही अपहरण करने के बाद कार्तिक को रखा गया था। पुष्पेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ढाई हजार का इनाम घोषित किया था। पुष्पेंद्र के साथ ही उसके परिजनों के मोबाइल भी सर्विलांस पर लगाए गए थे। लेकिन पुष्पेंद्र लगातार ठिकाने बदल रहा था।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ठाकुरद्वारा में दबिश देकर पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल करते हुए चार साथियों के साथ अपहरण कांड को अंजाम देना बताया। टीम में एसएसआई सितारगंज प्रवीण सिंह, एसआई दिनेश नाथ, एसओजी प्रभारी प्रकाश दानू, विकास चौधरी, भुवन भट्ट, महेंद्र डंगवाल शामिल रहे।