काशीपुर। श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन पर्व पर कांवड़ मेले को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। कांवड़ यात्रियों व श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष ड्यूटी चार्ट जारी कर शहर के प्रमुख चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन के मुताबिक शहर के सभी मार्गों पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर श्रावण मास की शिवरात्रि तक यानी 11 अगस्त तक प्रतिबंध लगाया गया है। आवश्यक वस्तु के वाहन रात एक बजे से सुबह तड़के 4 बजे तक ही आवाजाही कर सकते हैं। शहर के महाराणा प्रताप चौक, चीमा चौराहा, चैती चौराहा, टांडा चौराहा, कुंडेश्वरी तिराहा, सेठी पेट्रोल पंप व महेशपुरा की पुलिया समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही हाईवे पर गश्त बढ़ाई गई है और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। कांवड़ यात्रियों व आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात संचालन व आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
उधर हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों का अपने गंतव्य की ओर पहुंचने का क्रम जारी है। यहां मोटेश्वर महादेव मंदिर, तीर्थ द्रोणासागर, गंगे बाबा मंदिर पर कांवड़ियों का पहुंचना शुरू हो गया है।
कोट
कांवड़ मेले को देखते हुए शहर में 11 अगस्त तक भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। आमजन से भी अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन कर निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े न करें।
- प्रशांत कुमार, सीओ, काशीपुर