रक्षाबंधन पर सीएम ने बहनों को तोहफा देते हुए रोडवेज बसों में फ्री सफर की घोषणा तो कर दी, लेकिन पहले से बदहाल रोडवेज सेवा बृहस्पतिवार को और बदइंतजाम हो गई। बसें कम और भीड़ ज्यादा होने की वजह से भाइयों को राखी बांधने के लिए निकली बहनें बसों में सीट को लेकर धक्कामुक्की का शिकार होती रहीं। बसों के लिए महिलाओं को डिपो में इंतजार करना पड़ा। स्थानीय हो या लंबा रुट, सभी जगहों के लिए बसें यात्रियों से खचाखच भरी रहीं।
त्योहार के कारण स्टाफ नहीं होने की वजह से काशीपुर में चार बसें खड़ी रहीं। आलम यह रहा जैसे ही डिपो में कोई बस आती तो महिलाएं और अन्य यात्रियों की भीड़ उसमें सीट पाने के लिए टूट पड़ती। कई यात्री सीट पाने की जद्दोजहद में चोटिल हो गए। एक बहन शारदा ने बताया कि उसे भाई को राखी बांधने के लिए रुद्रपुर जाना है।
लेकिन जो भी बस आ रही है, उसमें यात्री पहले से ही भरे हुए हैं। भीड़ इतनी ज्यादा है और बसों की संख्या काफी कम है। परिवहन निगम को बसों का इंतजाम करना चाहिए था। काशीपुर डिपो इंचार्ज एमएस मिश्रा ने कहा कि यात्रियों की भीड़ बहुत ज्यादा है। डिपो में जो बसें हैं, वे चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन की वजह से कुछ स्टाफ छुट्टी पर चला गया है, जिस वजह से चार बसें डिपो में खड़ी हैं।
कई महिलाओं ने प्राइवेट बसों और अन्य वाहनों का सहारा लिया। इन वाहनों में भी खचाखच यात्री भरे रहे। रुद्रपुर से काशीपुर अपने भाई को राखी बांधने जाने वाली शकुंतला देवी ने बताया कि सुबह नौ बजे से वह बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रही है, लगातार बस नहीं आने के कारण और बसों में भीड़ होने के कारण वह समय पर भाई को राखी नहीं बांध पायेगी। वहीं गदरपुर अपने भाई को राखी बांधने जाने वाली तरनदीप ने बताया कि बसों के लेट होने के कारण एवं भीड़ होने के चलते बहुत समस्या हुई। जिससे राखी का मजा कुछ किरकिरा हो गया।
रोडवेज कर्मियों के नहीं लगे मोबाइल
रोडवेज डिपो में लगातार भीड़ को देखते हुए डिपो में तैनात अधिकारियों ने छुट्टी पर गए कर्मचारियों को बुलाने के लिए मोबाइल पर कॉल की। लेकिन किसी कर्मचारी का मोबाइल पत्नी ने उठाया तो किसी का मोबाइल आउट ऑफ सिग्नल मिला।
डिपो में लगा पंप खराब
रोडवेज डिपो में लगे डीजल पंप में तकनीकी खराबी आने से वह बंद हो गया। काफी कोशिशों के बाद भी पंप सही नहीं हुआ तो बसों को अन्य पेट्रोल पंपों से डीजल भरवाना पड़ा। पंप ठीक होने और डीजल भरवाने के इंतजार में कुछ बसें काफी देर तक डिपो में खड़ी रही। इंचार्ज एमएस मिश्रा ने बताया कि पंप खराब होने की सूचना संबंधित अधिकारी को दे दी गई है। रविवार को पंप ठीक हो पाएगा। प्राइवेट पंपों से डीजल भरवाने पर प्रति लीटर 67 पैसे की छूट मिलती है।