बाइक सवार दो झपटमार बैंक से पैसा लेकर आ रही आर्मी जवान की पत्नी से 70 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने झपटमारों की तलाश की। लेकिन, कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
वार्ड संख्या दो निवासी उमेश पाठक आर्मी का जवान है और वर्तमान में असम में तैनात है। बृहस्पतिवार को उमेश की पत्नी गीता पाठक अपनी मां तारा देवी के साथ ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स की शाखा में पैसे निकालने गई। गीता ने अपनी मां के खाते से करीब 12:25 बजे 50 हजार रुपए निकाले और गीता बैंक से निकाली रकम व अपना पर्स पॉलीथिन में रखकर मां के साथ पैदल मुख्य बाजार की तरफ आने लगी। जैसे ही दोनों मेनका टाकीज के पास पहुंचीं, पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने गीता के हाथ से पालीथिन छीन ली और फरार हो गए। इससे मां-बेटी के होश उड़ गए।
गीता ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस को गीता ने बताया कि पॉलीथिन में रखी 50 हजार की नगदी के अलावा उसके पर्स में 20 हजार रुपए कैश, आर्मी अस्पताल के दो हेल्थ कार्ड, एटीएम कार्ड, जमीन की खतौनी भी रखी थी। जिसे बाइक सवार झपटमार लूट ले गए। बैंक के मैनेजर यूएस तिवारी ने महिला के 50 हजार रुपये खाते से निकाले की पुष्टि की है।
गीता के देवर कुलदीप पाठक ने पुलिस को घटना की तहरीर दे दी है। सीओ राजन सिंह रौतेला ने मय पुलिस बल के घटनास्थल का मुआयना किया और बैंक जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसके अलावा शहर में नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश की। लेकिन, कोई सफलता नहीं मिली। सीओ ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल जारी है।