काशीपुर। एक बंद घर का ताला तोड़कर चोर घर में रखी 16 हजार की नकदी, चार लाख के सोने के जेवर व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित ने पुलिस में तहरीर सौंपकर कार्रवाई कीमांग की है।
वार्ड नंबर एक नीझड़ा स्थित प्राइमरी स्कूल के पास यूके इनकलेव में पदम सिंह, उनकी पत्नी व बहू रहती हैं। पदम सिंह के भाई प्रताप सिंह ने दी तहरीर में बताया कि भाई पदम सिंह कई महीने पहले गांव पौड़ी थैलीसेंण किसी काम से चले गए थे।
लगभग एक सप्ताह पहले उनकी पत्नी बसंती देवी भी गांव चली गई। घर पर बहू महेशी देवी अकेली थी। वह गिरीताल स्थित निजी अस्पताल में नर्स हैं। बीते मंगलवार को उनकी नाइट ड्यूटी थी, जिसके कारण वह रात आठ बजे घर बंद करके ड्यूटी पर चली गईं।
बुधवार सुबह जब वह घर लौटीं तो देखा घर के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। बताया चोर आलमारी में रखे लगभग चार लाख के सोने के जेवर, 16 हजार नकदी और इन्वर्टर, एलईडी चोरी कर ले गए। तब उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 नंबर पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास में पूछताछ की।
एसपी अभय सिंह ने बताया कि क्षेत्र के आसपास सीसीटीवी कैमरे न होने की वजह से परेशानी हो रही है पुलिस जल्द चोरी का खुलासा करेगी।