फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुद्रपुर में अतिक्रमण पर चली जेसीबी

Tue, 10 Jul 2018 12:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो रुद्रपुर।
विज्ञापन
jcb - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विज्ञापन
 रुद्रपुर बाजार क्षेत्र के अतिक्रमण पर सोमवार को एक बार फिर नगर निगम की जेसीबी चली। टीम ने इस बार सख्ती दिखाते हुए दोमंजिले पक्के निर्माण भी ढहाए। स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए मोहलत मांग रहे कुछ व्यापारियों को नगर निगम ने अधिकतम सात दिन की मोहलत दी है। इसमें भी बृहस्पतिवार तक अतिक्रमण हटाने की शुरुआत नहीं की गई तो इन व्यापारियों की दुकानों का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। अतिक्रमण के खिलाफ करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में 30 पक्के निर्माण तोड़े गए। बता दें कि शहर में अब प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को ही अतिक्रमण हटाया जाना तय हुआ है।
प्रशासन और नगर निगम की टीम ने सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस फोर्स के साथ बाटा चौक से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया। टीम में एक जेसीबी, एक हैमर कटर, दो लोडर, एक टिप्पर, दो छोटा हाथी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ कई निगम कर्मी शामिल थे। बाजार क्षेत्र को जाम से मुक्त रखने के लिए बाटा चौक से बाजार क्षेत्र के लिए वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया। टीम ने बाटा चौक, मनिहारी गली मोड़ होते हुए वीर हकीकत मार्ग पर दुकानों के आगे किए गए पक्के अतिक्रमण को ढहाया। वीर हकीकत मार्ग पर एक पक्की दुकान को पूरा ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही दोमंजिला पक्के निर्माण को भी तोड़ा। अतिक्रमण अभियान शुरू होने के बाद पहली बार पक्के निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती देख व्यापारियों में खलबली मच गई। ध्वस्त होते अतिक्रमण से उठते धूल के गुबार के बीच कुछ व्यापारियों ने टीम का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य नगर आयुक्त जयभारत सिंह ने उन्हें फटकार कर भगा दिया। इसके बाद कुछ व्यापारियों ने नगर निगम से स्वयं अतिक्रमण तोड़ने के लिए 15 से 30 दिन की मोहलत मांगी, लेकिन नगर निगम ने उन्हें अधिकतम सात दिन की मोहलत दी। साथ ही उन्हें बृहस्पतिवार तक अतिक्रमण तोड़ने की शुरुआत न करने पर बिजली और पानी का कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई। दोपहर बाद करीब 2:30 बजे तक अभियान जारी रखा गया। बृहस्पतिवार को भी अभियान जारी रखा जाएगा। टीम में एसडीएम युक्ता मिश्रा, तहसीलदार अमृता शर्मा, अधिशासी अभियंता दिनेश शर्मा, कर निरीक्षक बीसी रेखाड़ी, मानचित्रकार राम सिंह, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, कोतवाल केसी भट्ट, एसएसआई जगदीश ढकरियाल शामिल रहे।
विज्ञापन


...और अभियान छोड़कर मंडलायुक्त से मिलने पहुंचे अधिकारी
रुद्रपुर। अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अचानक रुद्रपुर में मंडलायुक्त राजीव रौतेला के पहुंचने की सूचना मिलने पर कई अधिकारी अभियान को बीच छोड़कर उनसे मिलने पहुंच गए। एसडीएम युक्ता मिश्रा अभियान छोड़कर जाने के बाद दोबारा नहीं लौटीं। उनके जाने के बाद करीब एक घंटे तक तहसीलदार अतिक्रमण अभियान में शामिल हुईं।

नहीं पहुंचा कोई नेता
रुद्रपुर। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद बार-बार अतिक्रमण के पक्ष में नेतागिरी करने वाले नेता सोमवार को नजर नहीं आए। कुछ व्यापारी बाजार में उक्त नेताओं का नाम लेकर उन पर ताने कसते नजर आए।
इनसेट
फुटपाथ पर होटल चला रहा अतिक्रमणकारी भागा  
रुद्रपुर। वीर हकीकत मार्ग के पास एक अतिक्रमणकारी फुटपाथ पर अपना ढाबा चला रहा था। पूर्व में उसे फुटपाथ से नगर निगम की टीम ने हटवा दिया था। सोमवार को टीम को आते देख वह ढाबा बंद करके भाग गया।
विज्ञापन


बाजार क्षेत्र की बिजली काटी
रुद्रपुर। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के दौरान ऊर्जा निगम ने सुबह करीब नौ बजे से बाजार क्षेत्र की बिजली काट दी। अतिक्रमण अभियान खत्म होने के बाद ही बिजली बहाल हुई।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें