खटीमा में टनकपुर रोड पर अतिक्रमण की जद में आए पक्के मकान को तोड़ती पोकलैंड।
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद नगर में अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण का सिलसिला शुक्रवार देर रात तक जारी रहा। इधर, कुछ पक्के निर्माण को अतिक्रमणकारी स्वयं भी तोड़ने में जुटे रहे। हाईकोर्ट के आदेश पर 460 चिह्नित अतिक्रमण के अवशेष पोकलैंड और जेसीबी से गिराए गए।
एसडीएम निर्मला बिष्ट ने बताया कि चिह्नित अतिक्रमण ढहाने का कार्य अंतिम चरण में शुक्रवार रात तक पूरा हो सकेगा। इसमें 26 चिह्नित अतिक्रमण ढहाए जाएंगे। बृहस्पतिवार ओर शुक्रवार देर शाम तक 377 चिह्नित अतिक्रमण ढहाए गए। 53 लोगों के मामले कोर्ट में चल रहे हैं और चार लोगों का मामला लीज का है।
बता दें कि फिलहाल जो कार्रवाई की जा रही है, वह वरिष्ठ अधिवक्ता कविंद्र सिंह कफलिया की वर्ष 2012 में दायर की गई पीआईएल पर की जा रही है। प्रकाश बिष्ट की ओर से वर्ष 2017 में दर्ज की गई जनहित याचिका का मामला अभी लंबित है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश बिष्ट ने ऐंठा एवं खकरा नाले में अतिक्रमणों को हटाने को लेकर याचिका दायर की थी। प्रशासन नालों के अतिक्रमण को हटाने संबंधी पूर्ण कार्रवाई नहीं कर सका है। पालिका का ऐंठा एवं खकरा नालों के अतिक्रमण हटाने के प्रति हीलाहवाली रही। एसडीएम निर्मला बिष्ट ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में 460 चिह्नित अतिक्रमण हटाने के बाद अब ऐंठा और खकरा नाले के किनारे के कब्जे ध्वस्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नालों के अधिकांश कब्जे हटाए जा चुके है लेकिन अवशेष अतिक्रमणों पर जेसीबी, पोकलैंड से कार्रवाई की जाएगी। संवाद