किशोरी के साथ बलात्कार के प्रयास के आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी का मेडिकल कराकर पुलिस ने उसे रुद्रपुर जिला न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। किशोरी का मेडिकल कर रिपोर्ट जिला मुख्यालय को प्रेषित कर दी है। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कर लिए हैं।
तहसील के एक गांव में किशोरी को घर में अकेला पाकर दूसरे गांव इस्लामनगर निवासी सारिक घर में घुस आया। किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर आरोपी उससे छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान एक ग्रामीण ने उसे देख लिया, जिससे आरोपी मौके से भागने लगा। ग्रामीणों ने आरोपी को घेरकर दबोच लिया।
ग्रामीण आरोपी को पकड़कर पुलिस के पास लेकर जाने की तैयारी कर रहे थे कि इस्लामनगर के लोग आरोपी को छुड़ाकर ले गए। ग्रामीणों ने किशोरी को बेहोशी की हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात को ही आरोपी सारिक को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार सुबह जिला न्यायालय में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया। एसएसपी सेंथिल अबुदई ने पुलिस टीम को 2500 रुपए और एएसपी देवेंद्र पिंचा ने 1500 रुपए इनाम देने की घोषणा की है।
हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन
हिंजामं के प्रदेश महामंत्री सुधीर बंसल के नेतृत्व कार्यकर्ताओं आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसे छुड़ाकर ले जाने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आरोपी को छुड़ाने वाले लोगों को चिन्हित कर जेल नहीं भेजा गया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे। सीओ राजेश भट्ट ने कहा कि आरोपी को छुड़ाने वालों के खिलाफ मुकदमा कायम किया जा रहा है। वहां महेंद्र सिंह खोलिया, जितेंद्र सिंह, सुरेश तिवारी आदि थे।
आरोपी को छुड़ाने वाले एक को जेल भेजा
ग्रामीण आशीष सिंह धामी ने पुलिस में तहरीर सौंपकर आरोपी सारिक को छुड़ाकर ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिजवान, भूरा, वसीम, समीम, अरसाद, बबलू सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने रिजवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अन्य की पुलिस तलाश कर रही है। ुलिस को एक विडियो भी मिला है, जिसमें आरोपी युवक को छुड़ाने वाले लोग दिखाई दे रहे हैं।