काशीपुर रोड एनएच 74 पर सड़क एवं नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए व्यापारियों एवं प्रभावित लोगों ने बृहस्पतिवार को विरोध जताकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। विरोध स्वरूप एनएच के प्रोजेक्ट डायरेक्टर का घेराव भी किया गया। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
काशीपुर रोड पर एनएच चौड़ीकरण के काम में इन दिनों गावा चौक के पास सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण का काम किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री हरीश अरोरा सहित तमाम व्यापारी एवं नाला निर्माण से प्रभावित हो रहे लोग वहां एकत्र हो गए, उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए नाले का निर्माण रुकवा दिया।
गुस्साए लोगों ने बाद में फ्रैंड्स कालोनी स्थित एनएचआई कार्यालय पहुंचकर प्रोजेक्ट डायरेक्टर अजय विश्नोई का घेराव किया। व्यापारियों का कहना था कि काशीपुर रोड रेलवे क्रासिंग पर बन रहा फ्लाईओवर गावा चौक से कुछ पहले खत्म हो रहा है। यहां पर सड़क को जानबूझकर दक्षिण की ओर मोड़ दिया गया है, जिससे दक्षिण की ओर बनाए जा रहे नाले की जद में कई मकान आ रहे हैं। इससे कई व्यापारी और वहां रह रहे लोग प्रभावित होंगे।
यापारियों ने कहा कि नाला होटल गंगेज तक बनाया जा रहा है जबकि इसे पूरी लंबाई में बनाया जाना चाहिए जहां से उत्तर से दक्षिण दिशा की ओर पानी जाता है। उनका कहना था कि नाले में कई मोड़ होने के कारण निकासी में भी दिक्कतें आएंगी। व्यापारियों ने नाले का नक्शा दुरुस्त कर निर्माण कराने की मांग की।
वहां पर विकास शर्मा, राजेश कामरा, अमित नारंग, रविंद्र कुमार, मोह सिंह, सुरेंद्र सैंगर, एमपी सिंह, विनोद अनेजा, रोहित शर्मा आदि थे।
.