उत्तराखंड में पहली बार होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन रुद्रपुर में होगा। आठ मार्च से 11 मार्च तक होने वाली इस त्रिकोणीय शृंखला में भारत, बांग्लादेश और नेपाल की टीम शामिल होंगी। इंटरनेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट काउंसिल के वाइस चेयरमैन हारून रशीद ने टीम के साथ क्रिकेट मैदान का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बुधवार को हारून रशीद ने एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि त्रिकोणीय प्रतियोगिता आठ मार्च से गांधी पार्क मैदान में होगी। मैदान का निरीक्षण कर लिया गया है। फरवरी के आखिर तक पिच तैयार कर ली जाएगी। बताया कि प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम दो-दो लीग मैच खेलेगी। इसके बाद फाइनल मैच होगा। भारतीय टीम की कप्तानी इलाहाबाद के अतुल श्रीवास्तव करेंगे।
भारतीय टीम में उत्तराखंड से पिथौरागढ़ निवासी राजेंद्र धामी का भी चयन हुआ है। उन्होंने कहा दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए होटल में विशेष सुविधाओं की जरूरत होती है। खिलाड़ियों के लिए विशेष सुविधा वाले होटलों की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान रविंद्र कंबोज, आयोजन सचिव हरीश चौधरी आदि मौजूद रहे।
विराट से भी भारी बल्ला इस्तेमाल करते हैं कंबोज
भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान रविंद्र कंबोज ने बताया कि वह एक हाथ से बल्लेबाजी जरूर करते हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और गौतम गंभीर से अधिक वजन का बल्ला इस्तेमाल करते हैं। उनके बल्ले का वजन 1.3 किलो है। वह कहते हैं कि दिव्यांगता उनके खेल पर कभी हावी नहीं हुई।