रुद्रपुर। लालकुआं और हल्द्वानी से सिडकुल के लिए इंटरसिटी बसों का संचालन शुरू हुए 13 दिन हो गए हैं, मगर अब भी बसों को अपेक्षा के अनुरूप यात्री नहीं मिल रहे हैं।
हल्द्वानी, लालकुआं क्षेत्र में रहने वाले युवा बड़ी संख्या में सिडकुल की कंपनियों में काम करते हैं। सिडकुल के लिए सीधी बस सेवा न होने के कारण इन लोगों को अन्य वाहनों से कंपनियों में आना पड़ता था।
संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ने सर्वे कराया था। इसके बाद इंटरसिटी बसों के संचालन को मंजूरी दी गई। 23 मई से हल्द्वानी और लालकुआं से सिडकुल के लिए इंटर सिटी बसों का संचालन किया जाने लगा। बस सुबह सात से नौ बजे तक सिडकुल आती है। शाम तीन से छह बजे तक वापसी करती है।