नेशनल हाईवे पर अधूरे निर्माण को जेसीबी से पाटा
विधायक की चेतावनी दरकिनार, सीवर के लिए बिछाए गए पाइप
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। नेशनल हाईवे-74 में कार्यदायी कंपनी की ओर से अधूरे छोड़े गए निर्माण कार्य से जनता को हो रही दिक्कतों की खबर अमर उजाला में छपने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पांच दिन से खोदे गए गड्ढे को जेसीबी लगाकर पाट दिया गया। इसके बाद हाईवे में चल रहा वन वे यातायात पूर्व की भांति टू वे हो गया। इससे जनता को जाम से राहत मिली है। दिलचस्प बात है कि विधायक राजकुमार ठुकराल की चेतावनी को दरकिनार कर कार्यदायी कंपनी ने हाईवे में सीवर लाइन के लिए पाइप बिछा दिए हैं।
सीरगोटिया मस्जिद के पास हाईवे में रविवार को कार्यदायी कंपनी गल्फार की ओर से नाला निर्माण कार्य कर पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक ठुकराल ने कंपनी के सीनियर मैनेजर समेत कर्मचारियों को फटकार लगाकर काम रुकवा दिया था। उन्होंने गलत तरीके से नाला निर्माण करने का आरोप लगाया था। कहा था कि नाले के लिए हाईवे को खोदा जाना गलत है। विधायक के आक्रोश को भांपकर कंपनी ने काम रोक दिया था। हाइवे में अधूरा निर्माण होने से दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यातायात वन वे कर दिया गया था। अमर उजाला में 26 फरवरी के अंक में अधूरे निर्माण से हाइवे पर दिन-रात लग रहा जाम शीर्षक खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए और कार्यदायी कंपनी ने खोदकर छोड़ी सड़क में पाइप लाइन बिछाकर उसे पाट दिया। गल्फार कंपनी के सीनियर मैनेजर गिरीश कुमार ने बताया कि हाईवे में सीवर लाइन के लिए पाइप बिछा दिए गए हैं। सड़क में खोदे गए हिस्से को भी पाट दिया गया है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक की ओर से मिले आदेशों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
फोटो- 26आरडीपी02पी- रुद्रपुर नेशनल हाईवे में खुदी हुई सड़क को पाटती जेसीबी।