गदरपुर। इनकम टैक्स विभाग की टीम ने गुटका मसाला के गोदाम पर छापा मारा है। टीम ने मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात गार्डों के फोन जब्त कर लिए। करीब छह घंटे तक गोदाम में छानबीन करने के बाद भी अधिकारियों ने किसी भी जानकारी को साझा नहीं की। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई चल रही थी।
शुक्रवार की शाम करीब चार बजे दिल्ली और लखनऊ के इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ दो वाहनों में सवार होकर दिनेशपुर-गदरपुर रोड पर स्थित ग्रीन्सवर्थ इंटरप्राइजेज प्रा. लि. नामक गोदाम में छापा मारा। टीम ने सबसे पहले मुख्य द्वार पर तैनात गार्डों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। टीम ने मुख्य द्वार को बंद करके किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर प्रवेश पर रोक लगा दी। अधिकारियों ने गोदाम में दस्तावेज को खंगालना शुरू कर दिया। गोदाम में गुटका मसाला का निर्माण और स्टॉक किया जाता था। गोदाम गदरपुर के एक व्यापारी का बताया जाता है, जिसने गुटका मसाला बनाने वाली कंपनी को किराये पर दिया है। इस दौरान गोदाम में शाम सात बजे ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों के मोबाइल भी कब्जे में ले लिए गए। टीम के सदस्यों और पुलिस कर्मियों के अलावा किसी को भी आने जाने नहीं दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक रात्रि करीब नौ बजे टीम के सदस्यों के लिए भोजन के पैकेट और बिस्तर आदि भी मंगवाए गए। चर्चा है कि गोदाम में नकली गुटका मसाला तैयार किया जाता था, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। कार्रवाई के दौरान गार्डों और कर्मचारियों ने यही बताया कि उनके मोबाइल फोन जब्त करने के बाद उनको कुछ भी न बताने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, इनकम टैक्स विभाग की टीम के किसी भी अधिकारी ने किसी भी प्रकार की जानकारी को साझा नहीं की।