काशीपुर। नगर क्षेत्र में विभिन्न मार्गों के लिए अवैध रूप से टेंपो का संचालन सड़कों से किया जा रहा है। इसके कारण दिन में कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। रेलवे स्टेशन रोड पर आरओबी के पास से टेंपो का संचालन होने से दिनभर आवाजाही प्रभावित होती है।
काशीपुर से जसपुर, बाजपुर, प्रतापपुर व मुरादाबाद रोड के लिए टेंपो का संचालन सड़क किनारे से किया जा रहा है। टेंपो चालक सड़क पर ही सवारी को बैठाते और उतारते हैं। ऐसे में दिन में कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वहीं पूर्व में कई बार तो सवारियों को बैठाने को लेकर टेंपो चालकों में मारपीट तक हो चुकी है।
स्टेशन रोड के दुकानदार संजय अरोरा, बाजपुर रोड पर दुकानदार आशीष और रामनगर रोड पर पवन कुमार ने बताया कि टेंपो चालक दुकानों के आगे सवारियों के आने का इंतजार करते हैं। टेंपो चालकों से वाहन आगे बढ़ने की बात कहने पर लड़ने-झगड़ने पर उतारू हो जाते हैं।
सड़क किनारे से टेंपो संचालन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस व यातायात पुलिस से जल्दी कार्रवाई शुरू करायी जाएगी। जो टेंपो चालक यातायात को बाधित करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- दीपक सिंह, एएसपी/सीओ काशीपुर