काशीपुर। वाहन चेकिंग के दौरान आईटीआई थाना पुलिस ने एक वाहन में लदी 71 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि पहले वह सेब की सप्लाई के वाहन चलाते थे। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद वहां सेब व्यवसाय बाधित हुआ तो सेब सप्लाई का काम भी ठप हो गया। बेरोजगारी के वक्त में चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने उन्हें साथ काम करने का ऑफर दिया। उसके झांसे में आकर वह शराब के वाहनों की डिलीवरी देने लगे।
एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार की रात आईटीआई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह अधिकारी, एसआई कौशल भाकुनी और कपिल कांबोज आदि लोहियापुल पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। कुछ दूरी पर एक वाहन संख्या (यूके04/सीबी-1382) सड़क किनारे खड़ी मिली। तलाशी लेने पर उसमें 31 पेटी व्हिस्की और 40 पेटी स्पेशल व्हिस्की पाई गई। पुलिस ने शराब कब्जे में लेकर वाहन सीज कर दिया है। यह गाड़ी हल्द्वानी निवासी बलजीत के नाम पंजीकृत है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में थाना खरड़, मोहाली (पंजाब) निवासी अमरीक सिंह और बिलासपुर (रामपुर) निवासी तरसेम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि मुरादाबाद के रामपाल ने उन्हें शराब की डिलीवरी के लिए भेजा था। उनसे कहा गया था कि काशीपुर पहुंचने पर तुम्हें एक व्यक्ति फोन करेगा। तुम उसे गाड़ी की चाभी सौंपकर वापस लौट आना। इसके लिए उन्हें तीन-तीन हजार रुपये मजदूरी मिलनी थी। पुलिस ने आरोपियों का आबकारी एक्ट में चालान किया है। टीम में कांस्टेबल देवेंद्र बिष्ट, दीपक कठैत, मुकेश कुमार, प्रकाश बिष्ट, एसओजी के गिरीश कांडपाल, जरनैल सिंह व नवीन शर्मा आदि थे।
पुलिस ने एक शराब तस्कर दबोचा, एक फरार
रुद्रपुर। मुखबिर की सूचना पर रम्पुरा चौकी प्रभारी सतीश कापड़ी ने टीम के साथ भदईपुरा नाले के पास छापा मारा। इस दौरान टीम ने शराब तस्कर सुरजीत सिंह उर्फ छितू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 40 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। जबकि जसवंत सिंह उर्फ काली निवासी दूधियानगर मौके से फरार हो गया। टीम ने वहां सुलग रही कच्ची शराब की भट्टियों को नष्ट कर कई लीटर लहन नष्ट किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया है।
30 लीटर अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
खटीमा। पुलिस ने आलाविरदी के जंगलों चल रही अवैध भट्ठियों को नष्ट कर शराब बनाने वाले उपकरण कब्जे में ले लिए। टीम ने मौके से 30 लीटर कच्ची शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
बृहस्पतिवार देर शाम एसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में टीम ने किलपुरा रेंज के जंगलों में अभियान चलाया। टीम ने कच्ची शराब की सात भट्ठियों समेत हजारों लीटर लहन नष्ट किया। टीम ने मौके से आलाविरदी निवासी कुलदीप सिंह और लाल सिंह को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
शराब पीने पर टोका तो रेलवे ट्रैक पर लेट गया युवक
काशीपुर। मोहल्ला विजय नगर नई बस्ती निवासी एक युवक ई-रिक्शा चलाता है। वह शराब का आदी है। उक्त युवक के परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और पिता हैं। युवक के पिता भी मजदूरी करते हैं।
बृहस्पतिवार देर रात शराब पीने को लेकर उसका परिजनों से विवाद हो गया और वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने हेल्प लाइन नंबर 112 पर चामुंडा मंदिर के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर एक युवक के लेटे होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस नशेड़ी को कोतवाली ले आई और उसके परिजनों को भी वहां बुला लिया। पुलिस ने उसका 81 पुलिस एक्ट में चालान कर हिदायत देकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।