खटीमा। नगर पालिका की बृहस्पतिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में 39 प्रस्ताव और 40 करोड़ का अनुमानित बजट पारित हुआ। बोर्ड बैठक में 20 प्रतिशत गृहकर बढ़ाने, आय के संसाधन बढ़ाने आदि पर सहमति बनी।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के कार्यालय में आयोजित बोर्ड बैठक में तहबाजारी, विज्ञापन, गृहकर और होर्डिंग्स आदि के शुल्क बढ़ाने के लिए उप नियमावली बनाने का निर्णय लिया गया। बोर्ड के सदस्यों ने रेलवे क्रॉसिंग से मुख्य चौराहे तक फुटपाथ हटाकर डिवाइडर बनाने का निर्णय लिया। प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क केंद्र स्थापित करने, यूजर चार्ज की वसूली स्वयं सहायता समूहों से कराने का निर्णय लिया। साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण के जद में आ रहे स्लैब को तोड़ने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने, सफाई व्यवस्था ठेके में देने, ऑक्सीजन पार्क के समीप वेंडर जोन बनाने पर सहमति बनी। बैठक में ईओ दीपक शुक्ला, सभासद विश्वनाथ यादव, आशीष कुमार श्रीवास्तव ,असलम अंसारी, दीपा धारियाल, गोकुल ओली, निशा देवी आदि थे।
बैठक में पारित प्रमुख प्रस्ताव
हाउस टैक्स में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी।
पर्यावरण मित्रों को प्रतिमाह 500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता।
परिवार रजिस्टर नकल की फीस में बढ़ोतरी।
पालिका बाजार का होगा निर्माण।
कार्यालय में आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारी रखे जाएंगे।
आउटसोर्स के माध्यम से पर्यावरण मित्रों की होगी नियुक्ति।