काशीपुर। सरकारी अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं होने से मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में मनोरोग, चर्म रोग, हड्डी रोग, पब्लिक हेल्थ और फॉरेंसिक विशेषज्ञ के पद कई साल से रिक्त हैं। मरीजों को इलाज कराने के लिए निजी अस्पताल या रुद्रपुर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
अस्पताल में एक दशक पूर्व मानसिक रोग विशेषज्ञ के पद पर डॉ. विजेंद्र सिंह तैनात हुए थे। उन्होंने करीब चार साल तक अपनी सेवाएं दीं। उनके जाने के बाद से अब तक यह पद नहीं भरा जा सका। हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद भी 15 महीने से खाली है। उनके जाने के बाद से कोई चिकित्सक तैनात नहीं हो सका है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और पब्लिक हेल्थ विशेषज्ञ के पद कागजों तक ही सिमट कर रह गए हैं। इन पदों पर आज तक कोई भी चिकित्सक तैनात नहीं हो सका है। चर्म रोग विशेषज्ञ की भी यही स्थिति है। अस्पताल में शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी मरीज पहुंचते हैं। यहां आने के बाद उन्हें विशेषज्ञ नहीं होने के कारण मरीजों को वापस लौटना पड़ता है।
कोट -
एलडी भट्ट अस्पताल में मनोचिकित्सक, चर्म रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, पब्लिक हेल्थ विशेषज्ञ की कमी हैं। रिक्त पदों की सूचना निदेशालय भेजी जा रही है। चिकित्सकों की तैनाती के लिए प्रयास किया जा रहा है। -डॉ. संजीव गोस्वामी, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर