झपटमारों के पकड़े जाने के बावजूद काशीपुर में वारदातें कम नहीं हो रही हैं। पुलिस ने शुक्रवार को दो झपटमारों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से महिला से लूटा गया सामान बरामद किया, लेकिन दूसरी तरफ दवाई लेकर घर जा रही महिला के कान से एक सोने का कुंडल खींचकर बाइक सवार उचक्के भाग निकले।
बीते मंगलवार की शाम सुभाषनगर निवासी महिला से शुगर मिल के पास बाइक सवार दो युवक पर्स छीनकर भाग निकले थे। महिला ने बाइक सवारों का काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ सके थे। बृहस्पतिवार शाम टांडा उज्जैन चौकी प्रभारी प्रहलाद बिष्ट ने शुगर मिल रेलवे क्रासिंग के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को दबोचा। पूछताछ करने में दोनों ने अपना नाम कुलदीप यादव निवासी आईटीआई के पास और सुभाष ठाकुर निवासी अंबा विहार श्यामपुरम बताया। दोनों ने महिला से पर्स लूट की बात स्वीकारी।
उनके कब्जे से पुलिस ने लूटा गया पर्स, 360 रुपये की नकदी, वोटर आईडी बरामद की। एसआई प्रहलाद ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बाइक को सीज कर दिया गया है। पुलिस ने इधर दो झपटमार पकड़े, उधर एक और वारदात घट गई। शुक्रवार को कटोराताल निवासी मुन्नी देवी दवाई लेने एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल आई थी। दवाई लेकर वापस लौटते समय अस्पताल के पीछे गली में बाइक सवार दो युवक उसके कान से सोने का कुंडल छीनकर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपियों को तलाशा, मगर कुछ पता नहीं चला। चौकी प्रभारी एनएस रावत ने बताया कि महिला के पास चीता पुलिस को भेजा है। झपट्टेमारी की सूचना मिली है, लेकिन कोई तहरीर नहीं आई है। मामले की जानकारी ली जा रही है।