रुद्रपुर। तराई क्षेत्र में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। बारिश ने पूरे इलाके को तर-बतर कर दिया। सितारगंज में नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है।
तराई में सुबह के समय हल्के बादल छाए हुए थे। बुधवार दोपहर बाद अचानक हुई इस मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर के कई मुख्य मार्गों और निचले इलाकों में पानी भर गया। नालियां चोक होने के कारण पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पाई। सड़कों पर पानी एकत्र होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी बहने से वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े और जाम की स्थिति भी बनी।
पैदल चलने वालों को भी जलभराव से गुजरना पड़ा। कुछ घरों और दुकानों में पानी घुसने की आशंका भी बनी रही। बारिश थोड़ी हल्की होने पर नगर निगम की टीमें जल निकासी के लिए सक्रिय हुईं। राजेंद्र नगर में कचरा और गंदगी जमा होने से नालियां पूरी तरह से चोक हो गईं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तराई क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। किसानों को भी इस बारिश से कुछ राहत मिली है। धान की फसल के लिए यह बारिश वरदान है।
कोट
बारिश को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। नदियों के किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में खास निगरानी रखी जा रही है। - उमाशंकर नेगी, जिला आपदा प्रबंधक अधिकारी