रुद्रपुर। तीन दिन के अवकाश पर गए जिला अस्पताल के रेडियोलाजिस्ट ने ईएल लगाकर लंबे अवकाश का आवेदन कर दिया है। इससे जिला अस्पताल की परेशानी बढ़ गई है। इसमें अल्ट्रासाउंड नहीं होने से प्रतिदिन कई लोगों को लौटना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका है। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट सोमवार को तीन दिन के अवकाश पर चले गए थे। बृहस्पतिवार को रेडियोलॉजिस्ट के लौटने की उम्मीद थी लेकिन रेडियोलॉजिस्ट ने ईएल लगाकर अवकाश बढ़ा लिया है। अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद है। जिला अस्पताल में मात्र एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती है। मेडिकल कॉलेज में भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। रेडियोलॉजिस्ट न होने से लोगों को निजी क्लीनिकों में औने-पौने दाम पर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है।
तीन दिन के अवकाश पर गए रेडियोलॉजिस्ट ने ईएल के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। लंबे अवकाश पर रहे तो वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। डॉ. केके अग्रवाल पीएमएस जिला अस्पताल।