काशीपुर। स्वास्थ्य विभाग के सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज के दावे खोखले साबित होते दिख रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त दवाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। मरीज बाहर मेडिकलों से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर हैं।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में जसपुर, बाजपुर, काशीपुर, सुल्तानपुर पट्टी, केलाखेड़ा, रामनगर आदि क्षेत्रों से इलाज के लिए पहुंचते हैं। दिसंबर शुरू होते ही मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सुबह-शाम हवा चलने से ठंड बढ़ने लगी है। दोपहर में धूप निकलने पर व्यक्ति लापरवाही बरत रहे हैं। इससे जुकाम, बुखार, खांसी से लोग ग्रसित हो रहे हैं। ऐसे कई मरीज अस्पताल की ओर रुख कर रहे हैं।
ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने के बाद अस्पताल से उन्हें पर्याप्त दवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। मरीजों ने बताया कि खांसी, जुकाम हो रहा है। चिकित्सक ने कफ सिरप और टेबलेट लिखी है। औषधि वितरण कक्ष में टेबलेट तो मिल गई हैं लेकिन कफ सिरप नहीं मिला है। पूछने पर बताया गया कि काफी समय से सिरप समाप्त हो गया है। मुख्यालय में भी उपलब्ध नहीं है। उच्चाधिकारी शीघ्र ही सिरप पहुंचने की बात कर रहे हैं।
कफ सिरप समाप्त हो गया है। मुख्यालय डिमांड भेज दी गई है। शीघ्र ही सीरप पहुंचने की संभावना है।
- डॉ. राजीव पुनेठा, सीएमएस, एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय काशीपुर