रुद्रपुर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के ग्रामीण इलाकों के बीमार लोगों के इलाज की पुख्ता व्यवस्था करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। सीएमओ ने जिले के 115 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चिह्नित बीमार लोगों के इलाज के लिए सीएचसी में शिविर लगवाने का निर्णय लिया है।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मरीजों का उपचार करते हैं। आरोग्य मंदिरों में आने वाले मरीजों को सूचीबद्ध कर संबंधित सीएचसी में स्वास्थ्य शिविर लगवाए जाएंगे। शिविरों में मरीजों की फिर से जांच की जाएगी।
शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। इलाज के बाद मरीजों की संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर से लगातार निगरानी कराई जाएगी।