काशीपुर। परचून की दुकान पर कुछ सामान लेने के दौरान दुकानदार व गांव के कुछ लोगों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। दोनों पक्ष का मामला चौकी पहुंचा।
यहां एक पक्ष के लोगों ने एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता कर दी। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ शांति भंग में चालान कर दिया है। बीते बृहस्पतिवार की रात ग्राम पैगा निवासी अतरेश पत्नी प्रीतम सिंह पैगा पुलिस चौकी पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी गांव में परचून की दुकान है। गांव के निवासी तीन लोगों ने उसकी दुकान पर आकर कोल्डड्रिंक उधार मांगी तो उसने देने से मना कर दिया।
इसी बात को लेकर उसने उसके व पति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर अभद्रता करने का आरोप लगाया। इसी बीच दूसरे पक्ष की एक महिला समेत 7-8 लोग चौकी आ गए। यहां पर उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मी ने उन लोगों से भी अपनी तहरीर देने की बात कही। इस बात को लेकर लोगों ने पुलिस के साथ अभद्रता शुरू कर दी। तब पुलिस ने दो लोगों को शांतिभंग की आशंका के चलते गिरफ्तार कर लिया।
आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला ने बताया राजेश और शीशपाल को शांतिभंग की आशंका के चलते गिरफ्तार किया गया था जिनको एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको निजी मुचलके पर छोड़ जमानत दे दी गई।
वहीं आशा पत्नी राजेश ने एसएसपी व सांसद को शिकायती पत्र भेजकर पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उधर सीओ दीपक सिंह ने बताया महिला, आशा ने पुलिसकर्मियों पर जो मारपीट का आरोप लगाया है जांच में उसके कोई साक्ष्य नहीं मिले। पुलिस से अभद्रता करने पर दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है। दोनों पक्ष की तहरीर मिल गई है, जांच करके कार्रवाई की जाएगी।