रुद्रपुर। जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने मनोज सरकार स्टेडियम का नाम बदलने को बंगाली समाज का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर निवासी अर्जुन अवाॅर्ड से सम्मानित मनोज सरकार ने पैरालंपिक में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए रुद्रपुर के स्टेडियम का नाम मनोज सरकार के नाम पर रखा गया था। अब भाजपा सरकार ने इस स्टेडियम का नाम बदलकर दोहरी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने सरकार से फैसला वापस लेने की मांग की है।
बुधवार को महानगर कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा के इस फैसले से बंगाली समाज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। कांग्रेस इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी और बंगाली समाज के साथ मिलकर इसके खिलाफ आर पार की लड़ाई लड़ेगी। आगामी चुनावों में भाजपा को इस अपमान की कीमत चुकानी पड़ेगी। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि सिर्फ नाम बदलने की राजनीति करके भाजपा जनता का ध्यान मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है। वहां पर महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा, ममता हालदार आदि रहे।