रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बिना उच्चाधिकारियों को बताए लंबे समय से अनुपस्थित रहने और कम राजस्व वसूली पर गदरपुर के संग्रह अमीन सूरज सिंह बिष्ट को निलंबित कर तहसील काशीपुर से संबद्ध कर दिया है। गदरपुर की ही संग्रह अमीन कमला जोशी के खिलाफ राजस्व वसूली में उदासीनता बरतने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
बुधवार को डीएम ने मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए बड़े बकायेदारों से कड़ाई से राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। जिले के सभी तहसीलदारों को राजस्व वसूली में लापरवाही करने वाले संग्रह अमीनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि जो संग्रह अमीन राजस्व वसूली में अच्छा कार्य कर रहे हैं, उनको सम्मानित किया जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को नियमित कोर्ट लगाकर लंबित वादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जिले में कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी एसडीएम को मजिस्ट्रीयल जांच समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बाहरी राज्यों के टुक-टुक वाहनों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
-इंसेट:
पॉक्सो एक्ट में बरी होने पर पैरवीकर्ताओं से स्पष्टीकरण के निर्देश
रुद्रपुर। डीएम ने पॉक्सो एक्ट के 13 मामलों में से 12 मामलों में आरोपियों के बरी होने को गंभीरता से लेते हुए एडीएम प्रशासन पंकज उपाध्याय को संबंधित अभियोजन पक्ष के पैरवीकर्ताओं के स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। पॉक्सो के बरी हुए 12 मामलों की अभियोजन विभाग से पूरी डिटेल लेकर समीक्षा करने के निर्देश एडीएम को देते हुए कहा है कि विवेचना में जो कमियां रही हों, उसका आंकलन कर अन्य पॉक्सो मामलों की विवेचना की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और अभियोजन विभाग की कमी के कारण कोई अपराधी कोर्ट से दोषमुक्त न हो, इसका ध्यान रखना होगा। संवाद