जिले में फर्नीचर की कमी से जूझ रहे स्कूलों को फर्नीचर मुहैया कराने की कवायद की जा रही है। 16 इंटर कॉलेज और दो राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में फर्नीचर के लिए जिला योजना से 50 लाख रुपये शिक्षा विभाग को दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की पहल पर 52 कंपनियों ने सीएसआर के तहत 528 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, जीआईसी और जीजीआईसी का कायाकल्प करने के लिए गोद लिया है। इनमें से 115 स्कूलों में भवन मरम्मत, पेटिंग, फर्नीचर सहित पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है। अब जिला योजना में 18 स्कूलों को फर्नीचर सेट देने के लिए 50 लाख रुपये शिक्षा विभाग को दिए गए हैं।
एएन झा इंटर कालेज, जीजीआईसी किच्छा, जसपुर, जीआईसी बंडिया, प्रतापपुर, रायपुर, गजरौला को 200-200 कुर्सी और मेज के सेट दिए जाएंगे। इसके अलावा थारु इंटर कॉलेज खटीमा, जीआईसी देवरी, सुल्तानपुर, हरिपुरा हरसान, बढ़ियोवाला, जोशीमझरा और जीजीआईसी सुल्तानपुर को 100-100 सेट दिए जाएंगे। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महेशपुरा और रामजीवनपुर को 50-50 सेट दिए जाएंगे।
- जिला योजना से 18 स्कूलों में फर्नीचर देने के लिए धनराशि शिक्षा विभाग को दी जा चुकी है। राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला, चारुबेटा, सितारगंज और राउमावि बलखेड़ा में दो-दो कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए जिला योजना से धनराशि दी गई है। सरकारी स्कूलों में संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सीएसआर और अन्य मदों से भी स्कूलों में निर्माण कार्य और संसाधन दिए जा रहे हैं। रंजना राजगुरू, डीएम।
- जिले के सरकारी स्कूलों से फर्नीचर की कमी के संबंध में प्रस्ताव मांगे गए थे और जिला योजना में प्रस्तावित किया गया है। जिला योजना से 18 स्कूलों के फर्नीचर के लिए 50 लाख रुपये मिले हैं और टेंडर प्रक्रिया कराई जा रही है। टेंडर में चयनित फर्म स्कूलों को फर्नीचर सप्लाई करेगी। आरसी आर्या, मुख्य शिक्षा अधिकारी