रुद्रपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए डीएम रंजना राजगुरू ने चार अतिरिक्त कोविड केयर सेंटरों को विकसित करने की मंजूरी देते हुए नोडल अधिकारी और केंद्र प्रभारियों की तैनाती की है। रविवार को कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय में बन रहे 100 बेडों के जिला कोविड केयर सेंटर (डीसीसीसी) की तैयारियों का एसडीएम विशाल मिश्रा ने जायजा लिया। बताया कि दो दिन में सौ बेड का सेंटर तैयार हो जाएगा।
रविवार को डीएम रंजना ने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय में कोविड संबंधी व्यवस्थाओं के लिए डॉ. गौरव अग्रवाल को नोडल और राज्य कर अधिकारी सुनील कुमार को केन्द्र प्रभारी नामित किया है। इसके अलावा चयनित/अधिगृहित डीसीसीसी सूरजमल आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज किच्छा के लिए डॉ. अश्वनी चौबे नोडल, राज्य कर अधिकारी डॉ. मोहन सिंह राणा केन्द्र प्रभारी, होटल जिंजर रुद्रपुर के लिए डॉ. गौरव अग्रवाल को नोडल, राज्य कर अधिकारी धीरेन्द्र कुमार भट्ट केन्द्र प्रभारी, होटल आनन्द कैसल काशीपुर के लिए डॉ. अमरजीत सिंह साहनी को नोडल और राज्य कर अधिकारी सत्यप्रकाश को केन्द्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। होटल हेवन काशीपुर के लिए डॉ. परमेंदर तिवारी को नोडल और राज्य कर अधिकारी नवीन चन्द्र पाण्डे को केन्द्र प्रभारी नामित किया है। उक्त चयनित/अधिगृहित स्थलों में संक्रमित व्यक्तियों को राजकीय व्यय पर रखा जायेगा। डीएम ने नामित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये है कि सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी, पर्याप्त स्टॉफ, मरीजों का समय पर परीक्षण, दवाईयों और जरुरत पड़ने पर ऑक्सीजन आदि अति आवश्कीय सुविधाओं की व्यवस्था के साथ ही एंबुलेंस की व्यवस्था रखना सुनिश्चित करें। केंद्र में खानपान, साफ सफाई व स्वास्थ्य की व्यवस्थाओं का नियमित रूप से निरीक्षण करें और निरीक्षण की सूचना रोजाना सुबह दस बजे से सायं सात बजे निर्धारित प्रारूप में नोडल डीसीसीसी/सीडीओ या उनकी ओर से अधिकृत सहायक नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएं।
मेडिसिटी अस्पताल का कोविड केयर सेंटर हुआ फुल
रुद्रपुर। कोविड 19 का संक्रमण तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। शहर के निजी अस्पताल द मेडिसिटी में बने कोविड केयर सेंटर भी मरीजों से भर चुका है। अस्पताल के एमडी दीपक छाबड़ा ने बताया कि सेंटर की क्षमता 50 बेड की है। लेकिन मरीजों की संख्या को देखते हुए 10 बेडों की व्यवस्था की गई थी। लेकिन सभी बेड मरीजों से भर चुके हैं। अभी भी मरीजों को भर्ती करने को लेकर फोन आ रहे हैं। (संवाद)
एडीएम कांडपाल को ऑक्सीजन व्यवस्था का जिम्मा
रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन की फिलहाल पर्याप्त व्यवस्था है। अस्पतालों में ऑक्सीजन व्यवस्था का जिम्मा एडीएम जगदीश कांडपाल को सौंपा गया है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 300 बेड के कोविड अस्पताल के अलावा काशीपुर और खटीमा अस्पताल में ऑक्सीजन के 60-60 बेड हैं। इसके अलावा सभी एसडीएम को संबंधित क्षेत्रों के अस्पतालों में कोविड संबंधी व्यवस्थाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि आपात स्थिति के लिए पर्याप्त एंबुलेंस के साथ ही निजी वाहनों की सूची तैयार रखने के लिए कहा गया है। सभी निकायों को सफाई पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)
जले में बंद रहा कोरोना टीकाकरण
रुद्रपुर। कोविड कर्फ्यू के कारण रविवार को जिले में कोरोना का टीकाकरण अभियान भी बंद रहा है। जिस कारण 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन नहीं लग सकी। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि जिले में कोरोना जांच के लिए 1401 लोगों के आरटीपीसीआर के सैंपल लिए गए। रामपुर सीमा पर 181 लोगों के सैंपल लिए गए। कोविड अस्पताल के आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिले में 250 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को आइसोलेट कर दिया गया है।