आगामी पांच अप्रैल को कांग्रेस की बैठक में पूर्व सीएम हरीश रावत व पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय कार्यकर्ताओं के साथ न्याय संवाद करेंगे। इसे लेकर कांग्रेसियों ने तैयारियां शुरूकर दी हैं। शनिवार को कांग्रेसियों ने बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभागार में जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बिष्ट ने बताया कि पांच अप्रैल को महाराजा अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट में सुबह दस से दोपहर दो बजे तक होने वाली बैठक में पूर्व सीएम हरीश रावत, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय व राज्य के सह प्रभारी संजय कपूर भाग लेंगे। कांग्रेस पूर्व प्रत्याशी सुरेश गंगवार ने कहा कि बैठक में पूर्व सीएम कार्यकर्ताओं के साथ न्याय संवाद करेंगे।
कहा कि पूर्व सीएम व क्षेत्रीय विधायक विजय बहुगुणा ने एकला चलो की नीति अपनाकर कांग्रेस को तोड़ने का काम किया है। बंगालियों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के बजाय बहुगुणा बगावत पर उतर आए और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर दी।
पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि पूर्व सीएम रावत के विकास कार्यों से बौखलाकर विपक्षियों ने सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा। अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी हाजी अनवार अहमद ने कहा कि बागी विधायकों के समर्थकों व दागियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। वहां पर पालिकाध्यक्ष कांता प्रसाद सागर, यूसुफ मलिक, भुवन चंद्र भट्ट, रामनगीना प्रसाद, मोहसिन मियां, अख्त्यार अहमद पटौदी, हरपाल सिंह, सरताज अहमद, मुश्ताक अहमद, शरीफ अहमद आदि थे। संचालन सुरेंद्र सिंह ने किया।