बाजपुर कोतवाली में गिरफ्तार तीन आरोपी और पुलिस टीम।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। गांव बिजपुरी स्थित मयंक बीएड कॉलेज के एक साझेदार ने कोतवाली में तहरीर देकर कांग्रेस पूर्व प्रदेश सचिव, उसके सहयोगियों पर हथियारों के बल पर मारपीट कर चोटिल करने और दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव समेत छह नामजद और 15- 20 अन्य लोगों पर रंगदारी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में नामजद तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इधर, घटना को लेकर कोतवाली में भाजपाई सहित अन्य लोग जमे रहे।
कॉलेज के पार्टनर अजय डबास ने मंगलवार देर रात कोतवाली में बताया कि सोमवार को फोन पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव अविनाश शर्मा ने क्षेत्र में काम करने के नाम पर दस लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। बताया कि उस समय वह गांव धनसारा स्थित अपने आवास पर थे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय के भाई अमर पांडेय, आनंद मान और घर में काम करने वाले कर्मचारी थे। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व सचिव अविनाश शर्मा, और अन्य लोग हथियारों से लैस होकर आ धमके। आरोपियों ने लात-घूंसे और हथियारों की बटों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में अमर पांडेय, आनंद मान आदि के भी चोटें आई हैं। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व सचिव अविनाश शर्मा, नीरज दीक्षित, दिग्विजय सिंह, सरबन सिंह, हरविंद सिंह, विराट और 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई प्रवीण सिंह को सौंपी है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी नीरज दीक्षित, दिग्विजय सिंह, सरबन सिंह को रामराज रोड से दो गाड़ियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। सभी आरोपी फरार हैं।
शर्मा ने आरोप निराधार बताए
बाजपुर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव अविनाश शर्मा का कहना है कि अजय डबास और नीरज दीक्षित बीएड कॉलेज में साझेदार हैं। दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार रात पंचायत करने के लिए मुझे बुलाया गया था। डबास ने मुझसे अभद्रता की। मेरे ऊपर लगे रंगदारी के आरोप निराधार हैं।
लेखाकार के साथ मारपीट, केस दर्ज
केलाखेड़ा। मयंक बीएड कॉलेज के लेखाकार रहीस अहमद निवासी यूपी के गांव ककरोला (रामपुर) ने थाने में तहरीर देकर कालेज से कुछ दूरी पर तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।