काशीपुर में घने कोहरे के बीच स्टेशन पर पहुंचती ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला
घने कोहरे और शीत लहर से बढ़ती ठंडक के बीच बसों और ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो गया है। बुधवार को देहरादून एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस और शताब्दी निर्धारित समय से दो से पांच घंटे देरी से पहुंचीं। दिल्ली रूट की रोडवेज बसें भी तीन से पांच घंटे लेट रहीं। घने कोहरे के बीच पंतनगर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तराई के साथ यूपी और आसपास के क्षेत्रों में पड़ रहे घने कोहरे के कारण बुधवार को अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। देहरादून एक्सप्रेस का रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह पांच बजकर पांच मिनट है, लेकिन बुधवार को सात बजकर 26 मिनट पर पहुंची। हावड़ा एक्सप्रेस का रुद्रपुर पहुंचने का समय सुबह छह बजकर 53 मिनट है, लेकिन बुधवार को यह 11 बजकर 15 मिनट पर पहुंची। दिल्ली से पहुंचने वाली शताब्दी भी अपने तय से 50 मिनट विलंब से पहुंची। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक डीएस मर्तोलिया ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। अधिकतर ट्रेनें विलंब से पहुंच रही हैं।