रुद्रपुर। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के 329 पदों पर पदोन्नति में पेच फंसने से चार प्रशासनिक अधिकारी इस लाभ से वंचित हो गए हैं। 31 दिसंबर को उनके सेवानिवृत्त होने से अब उन्हें पेंशन में पदोन्नति का लाभ नहीं मिल सकेगा। मिनिस्ट्रीयल कर्मियों ने अफसरों पर मनमानी करने का आरोप लगाया।
एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफीसर्स एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षा विभाग के मिनिस्ट्रीयल कर्मियों का कार्य बहिष्कार मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। एसोसिएशन के जिला सचिव प्रमोद पांडेय ने कहा कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पदों पर हुई पदोन्नति की आदेश की सूचना 21 दिसंबर तक जारी होनी थी, लेकिन उच्च अधिकारी काउंसलिंग कराने के बाद दस्तावेज की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों की हीलाहवाली से 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए चार प्रशासनिक अधिकारी पदोन्नति के लाभ से वंचित हो गए हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों को परेशान करने के लिए उच्चाधिकारी जानबूझकर अड़ंगे लगा रहे हैं। उन्होंने मांग पूरी न होने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। इनमें जिलाध्यक्ष अमरदीप सिंह, निशिकांत जोशी, अशोक शर्मा, हरगोविंद तिवारी, भुवन ओझा, मंगल नेगी, हेमंत गंगवार, अमर मेहता, संजय टम्टा, प्रवीण यादव, सुनील भंडारी, रविशंकर सिंह, नवीन पाठक आदि थे।
सूची में नाम होने के बाद भी नहीं मिला पदोन्नति का लाभ
मिनिस्ट्रीयल कर्मियों ने अफसरों पर लगाया हीलाहवाली का आरोप
व्हाट्स एप से मिली पदोन्नति की सूचना
रुद्रपुर। शिक्षा विभाग में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की पदोन्नति की सूचना मंगलवार देर शाम कर्मचारी नेताओं को निदेशालय से व्हाट्स एप से सूचना मिली, लेकिन 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो चुके प्रशासनिक अधिकारियों के बाबत स्पष्ट सूचना नहीं है। इस संबंध में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमरदीप सिंह ने कहा कि इस मामले में निदेशालय स्तर पर वार्ता चल रही है। उनके पेंशन का लाभ दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा।