बाजपुर के बरहैनी रेंज में तस्करों ने प्रयोग किए बरामद कारतूस।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। बरहैनी रेंज बौर नदी किनारे गश्त कर रही जंगलात टीम पर तस्करों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में तस्कर एक बाइक और शीशम के सात गिल्टे छोड़कर फरार हो गए। मौके से 12 और 315 बोर के 33 कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। वन दरोगा लक्ष्मण सिंह जीना की तहरीर पर कालाढूंगी (नैनीताल) थाने में धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बाइक संख्या के आधार पर एक तस्कर का नाम चिह्नित कर लिया गया है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
बृहस्पतिवार देर रात ढाई बजे मुखबिर की सूचना पर बरहैनी रेंज के वन दरोगा जीना टीम केे साथ दक्षिणी बरहैनी बीट बौर नदी किनारे गश्त कर रहे थे। इस दौरान तस्कर बाइकों पर लकड़ी के गिल्टे लेकर जा रहे थे। जंगलात टीम ने घेराबंदी कर तस्करों को रोकने की कोशिश की। जिस पर तस्करों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा के लिए वन विभाग की टीम ने चार राउंड हवाई फायर किए। जवाबी फायरिंग होने पर तस्कर बाइक से शीशम सहित अन्य लकड़ी के गिल्टे और एक बाइक छोड़कर तस्कर फरार हो गए। वन टीम ने मौके से 12 बोर के 32, 315 बोर के एक कारतूस का खोखा और गिल्टों सहित बाइक को कब्जे में ले लिया। बरहैनी रेंजर रूपनारायण गौतम ने बताया कि वन दरोगा की तहरीर पर कालाढूूंगी थाने में तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद बाइक केलाखेड़ा के गांव मसीत में रहने वाली नजाकत अली की बताई गई है। टीम में विजेंद्र बाबू, जगमोहन, विशन सिंह आदि थे।
नौ माह पहले तस्करों की गोली से हो चुकी है वन कर्मी की मौत
बरहैनी और बन्नाखेड़ा जंगलात क्षेत्र में तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आए दिन जंगलात टीम पर हमला कर रहे हैं। 21 जून 2019 की रात में तस्करों ने जंगल में गश्त कर रहे वनकर्मी बहादुर सिंह चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जबकि मृतक का साथी महेंद्र सिंह घायल हो गया था। रेंजर रूपनारायण गौतम ने डीएफओ को पत्र भेजकर बरहैनी रेंज को अतिसंवेदनशील बताकर अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने की मांग की है।