पंतनगर में दुकान में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। पंत विवि परिसर की बड़ी मार्केट स्थित दुकान में आग लग गई जिससे दुकान का फर्नीचर, तीन कंप्यूटर, छह एचडी कैमरे, पांच कलर प्रिंटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स व गिफ्ट आइटम आदि जल गए। अग्निशमन विभाग के तीन दमकल वाहनों के माध्यम से कर्मचारियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
बड़ी मार्केट में आरके इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान नंबर-48 आवंटित की गई है। जिसे उन्होंने रुद्रपुर निवासी फोटोग्राफर निखिल को किराए पर दिया है। निखिल इस दुकान में केबी स्टूडियो के नाम से एचडी फोटोग्राफी व गिफ्ट आइटम का कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार रात नौ बजे वह दुकान बंद कर रुद्रपुर अपने घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे मार्केट के व्यापारियों ने दुकान से धुआं उठता देखकर निखिल व सुरक्षा विभाग सहित फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना पर सुरक्षा, पुलिस व अग्निशमन मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। विश्वविद्यालय के एक टैंकर सहित अग्निशमन के तीन दमकल वाहनों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का फर्नीचर सहित पूरा सामान जलकर खाक हो गया था। निखिल ने बताया कि दुकान में आग लगने से उन्हें लगभग 14 से 15 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।