बैटरी रीसाइकलिंग प्लांट में धधकी आग
- फोटो : अमर उजाला
काशीपुर में महुआखेड़ा गंज स्थित बैटरी रीसाइकलिंग प्लांट में आग लग गई। फायर यूनिट ने मौके पर पहुंच कर तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाते हुए एक छोटा धमाका भी हुआ, लेकिन किसी तरह की हानि नहीं हुई है। आग बुझाने के प्रयास में दो लोग मामूली रूप से झुलस गए।
रविवार सुबह करीब 10 बजे महुआखेड़ागंज स्थित भारत ट्रेडिंग कंपनी रीसाइकलिंग प्लांट में रखे मोबिल ऑयल में अचानक आग गई। इससे फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना पर फायर स्टेशन से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोविंदराम आर्य के नेतृत्व में दो फायर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना की गई। घटनास्थल पर आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। फायर यूनिट द्वारा मोटर फायर इंजन से दो होज की एक लाइन बनाकर पंपिंग कर आग बुझाना आरंभ किया। आग इतनी भीषण थी कि जसपुर फायर स्टेशन, श्रावंथी एनर्जी और बहल पेपर मिल की फायर यूनिटों को भी बुलाया गया। इस दौरान सभी फायर यूनिटों ने कड़ी मशक्कत के बाद फोम मेकिंग ब्रांच से आग पर तीन घंटे बाद काबू पाया।
ये पढ़ें- कौसानी में विस्फोट: पर्यटन नगरी में दिन में होती घटना तो हो सकता था बड़ा नुकसान, इस समय बंद था रेस्टोरेंट
गोविंदराम आर्य ने बताया कि शॉट सर्किट से आग लगने की आशंका है, जो वहां रखे मोबिल ऑयल के 5000 लीटर के टैंक में लग गई। बताया कि फायर यूनिट के पहुंचने से पहले दो लोग आग बुझाने के प्रयास में मामूली झुलस गए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल भेजा गया। टीम में लीडिंग फायरमैन खीमानंद, चालक संदीप शर्मा, फायरमैन अमरीश कुमार, पुष्कर सिंह, जगदीश प्रसाद, सनी कुमार, पंकज कुमार, सीता, रश्मि, रिंकी आदि मौजूद रहे।