काशीपुर। रोड सेफ्टी बोर्ड लगाने के लिए गड्ढा खोद रहे मजदूर को एक अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा निवासी समरपाल पुत्र स्व. भजन सिंह ने कोतवाली पुलिस में तहरीर दी। बताया कि उनका भाई विजयपाल राजमिस्त्री था। मनदीप सिंह ने बीती आठ दिसंबर की शाम करीब छह बजे उसके भाई विजयपाल को रामनगर रोड पर फ्लाईओवर के पास बुलाया और बोर्ड लगाने के लिए गड्ढा खोदने के लिए कहा। उसका भाई गड्ढा खोद रहा था तभी तेज रफ्तार कार चालक ने उसे टक्कर मार दी और भाग गया। इस घटना को मौके पर मौजूद मनदीप सिंह व अन्य लोगों ने देखा है। गंभीर रूप से घायल विजय पाल को मनदीप सिंह व अन्य लोग सरकारी अस्पताल ले गए जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने समरपाल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।